दिल्ली और यूपी में झमाझम बारिश, बिहार के लिए भी IMD ने जारी किया अलर्ट; जानें मौसम का हाल

नई दिल्ली
 जी-20 शिखर सम्मेलन का आज दूसरा दिन है। देश की राजधानी दिल्ली में दुनियाभर के कई दिग्गज नेताओं का जुटान है। इस बीच मौसम ने भी करवट ले ली है। शनिवार दोपहर से ही दिल्ली-एनसीआर में झमाझम बारिश हो रही है। बारिश का दौर उत्तर प्रदेश और बिहार में भी जारी है। मौसम विज्ञान विभाग (IMD) का कहना है कि रविवार को भी देश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहेगा।आपको बता दें कि गर्मी का सितम झेल रहे हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के लोगों को राहत मिली है। शनिवार से इन राज्यों में अलग-अलग इलाकों में बारिश हो रही है। बिहार के 18 जिलों में भी अलर्ट जारी किया गया था। महाराष्ट्र का भी कमोबेश यही हाल है। उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्य को अलगे 4 दिनों के लिए अलर्ट किया गया है। पहाड़ों पर भारी बारिश के आसार बन रहे हैं।

आईएमडी ने अपने पूर्वानुमान में बताया है कि मानसून का एक ट्रफ गुजरात, राजस्‍थान के ऊपर बना हुआ है। इसके अलावा दक्षिण पूर्व मध्य प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों पर चक्रवाती परिसंचरण बनी हुई है। यह दक्षिण की ओर झुकी हुई है। इसके कारण, अगले 24 घंटों के दौरान मध्‍य प्रदेश और बिहार के कुछ जिलों में भारी बारिश हो सकती है।

दिल्ली में बारिश, अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज
दिल्ली में शनिवार को हल्की बारिश हुई, जिसके परिणामस्वरूप अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। आईएमडी के मुताबिक राष्ट्रीय राजधानी में न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री कम है। राष्ट्रीय राजधानी में सुबह 8.30 बजे समाप्त 24 घंटों में 10 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग कार्यालय ने कहा कि सापेक्षिक आर्द्रता 87 प्रतिशत से 98 प्रतिशत के बीच रही। मौसम विभाग ने रविवार को आमतौर पर बादल छाए रहने और हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने का अनुमान जताया है।
 
राजस्थान के अनेक इलाकों में भादो के महीने में जबरदस्त गर्मी पड़ रही है । शनिवार को जैसलमेर में अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस रहा जो सितंबर में अब तक का रिकॉर्ड है। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार शनिवार को सीमावर्ती जैसलमेर में अधिकतम तापमान सामान्य से 6.9 डिग्री सेल्सियस अधिक, 43.5 डिग्री सेल्सियस रहा। जैसलमेर में यह सितंबर का अब तक का सर्वाधिक तापमान भी है।

केंद्र के अनुसार इससे पहले, जैसलमेर में सितंबर में अधिकतम तापमान 43.3 डिग्री सेल्सियस 10 सितंबर 1949 को दर्ज किया गया था। शनिवार को अधिकतम तापमान बाड़मेर में 40.3 डिग्री, बीकानेर में 40.0 डिग्री, जोधपुर में 39.5 डिग्री, जालोर में 38.7 डिग्री एवं गंगानगर में 38.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य की राजधानी जयपुर में बादल छाये रहने के कारण अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रहा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button