दांव पर भाजपा के रिश्ते, तमिलनाडु से लेकर हरियाणा तक साथी नाराज; क्या हैं कारण

 नई दिल्ली
अब तमिलनाडु में भी भारतीय जनता पार्टी के साथी ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुन्नेत्र कझगम यानी AIADMK नाराज नजर आ रहे हैं। हालांकि, केंद्र में सत्तारूढ़ दल से साथियों की नाराजगी की अटकलें हरियाणा और महाराष्ट्र जैसे राज्यों में भी जारी हैं। खास बात है कि ये सियासी घटनाक्रम ऐसे समय पर हो रहे हैं, जब पार्टी 2024 लोकसभा चुनाव के लिए कवायद तेज कर रही है और विपक्ष एकजुटता की बातें कर रहा है।

तमिलनाडु में AIADMK से क्यों ठनी
तमिलनाडु भाजपा के प्रमुख के अन्नामलाई ने राज्य की पहले की कई सरकारों को भ्रष्ट बताया था। उनसे साल 1991 से 1996 के दौर को लेकर सवाल किया गया था। खास बात है कि उस दौरान दिवंगत जयललिता सरकार में थीं। अब इस बात पर भाजपा और AIADMK में फिर नाराजगी बढ़ती नजर आ रही है। पूर्व मंत्री डी जयकुमार ने जमकर नाराजगी जाहिर की और दिल्ली नेतृत्व से इसपर सवाल किया है। उन्होंने कहा, 'क्या यह अन्नामलाई का मकसद है कि 2024 लोकसभा चुनाव में AIADMK-BJP गठबंधन कोई सीट न जीते और नरेंद्र मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री नहीं बनना चाहिए? क्या उनकी गतिविधिया इस ओर नहीं जा रही हैं।' उन्होंने अन्नामलाई के बयान को अस्वीकार्य बताया है।

हरियाणा में जेजेपी है नाराज?
भाजपा हरियाणा में जननायक जनता पार्टी के साथ सरकार में है और दुष्यंत चौटाला उपमुख्यमंत्री हैं। अब भाजपा के प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब की निर्दलीय विधायकों के साथ मुलाकात ने सियासी पारा बढ़ा दिया है। साथ ही वह उचाना सीट से भाजपा प्रत्याशी की जीत का दावा कर चुके हैं। खास बात है कि चौटाला का इस सीट पर प्रभाव है और वह यहां से मैदान में उतर सकते हैं। कहा जा रहा है कि पहलवानों के विरोध प्रदर्शन ने भी दोनों दलों में दूरी बढ़ाई है। हालांकि, चौटाला और मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर दोनों ही नेता मतभेद की अटकलों से इनकार कर रहे हैं।

महाराष्ट्र में क्या चल रहा है
बीते साल जून-जुलाई में सरकार में आए भाजपा और मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के समूह में बयानबाजी चलती रही है। ताजा संकट शिंदे समूह के मंत्रियों के प्रदर्शन को लेकर उठता नजर आ रहा है। एक मीडिया रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया जा रहा है कि भाजपा आलाकमान ने शिवसेना के कुछ मंत्रियों के काम करने के तरीकों और प्रदर्शन पर नाराजगी जताई है। ऐसे में दोनों दलों के बीच फिर तकरार बढ़ने के आसार हैं। डोंबिवली में स्थानीय भाजपा नेताओं के प्रदर्शन ने भी दोनों दलों में नाराजगी पैदा की है। नौबत यहां तक आ गई थी कि मुख्यमंत्री शिंदे के सांसद बेटे श्रीकांत शिंदे इस्तीफा तक देने की बात कह चुके थे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button