हिमाचल कांग्रेस ने सेब आयात पर शुल्क 100 प्रतिशत करने की मांग की

शिमला
 हिमाचल प्रदेश में सत्तारूढ़ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि केंद्र सरकार को सेब उत्पादकों के संरक्षण के लिए इसके आयात पर लागू सीमा शुल्क को 50 प्रतिशत से बढ़ाकर 100 प्रतिशत कर देना चाहिए।

राठौर ने एक बयान में कहा कि बड़े पैमाने पर विदेशों से सेब आयात किए जाने से हिमाचल के सेब उत्पादक किसानों को वाजिब दाम नहीं मिल पा रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं को उनसे (प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी) आग्रह करना चाहिए कि सेब के आयात पर सीमा शुल्क को 50 प्रतिशत से बढ़ाकर 100 प्रतिशत कर दिया जाए।’

केंद्र सरकार ने कुछ दिन पहले ही 50 रुपये प्रति किलो से कम आयात मूल्य वाले सेब के आयात पर प्रतिबंध लगा दिया है। हिमाचल की मुख्य विपक्षी दल भाजपा ने गत मंगलवार को केंद्र सरकार के इस कदम का स्वागत करते हुए कहा था कि इससे राज्य के सेब उत्पादक किसानों को फायदा पहुंचेगा।

भारत में दूसरे देशों से 38.5 करोड़ डॉलर मूल्य के सेब आयात किए गए। इसकी वजह से स्थानीय सेब उत्पादकों को काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है। सेब की बागवानी के लिए मशहूर हिमाचल में सेब उत्पादक किसानों को वाजिब दाम दिलाने का मुद्दा चुनाव में भी खूब चर्चा में रहा था। राज्य में 94,000 हेक्टेयर से अधिक भूभाग में सेब उगाया जाता है और सेब से जुड़ी आर्थिक गतिविधियां करीब 5,000 करोड़ रुपये हैं।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button